पूजन के तीन दिन बाद शुरू हुई गन्ना पेराई
थानाभवन।
पर्याप्त गन्ना पहुंचने पर थानाभवन शुगर मिल में सोमवार दोपहर बाद गन्ना पेराई शुरू हो गई। शाम तक 18 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई की गई।
बजाज हिंदुस्थान शुगर मिल लिमिटेड की यूनिट थानाभवन में गन्ना पेराई सत्र 2017-18 शुभारंभ 27 अक्तूबर को विधि विधान से पूजन के साथ हुआ था। हालांकि पर्याप्त गन्ना उपलब्ध नहीं होने की वजह से पेराई शुरू नहीं हो पाई थी। शुगर मिल प्रबंधन ने 30 अक्तूबर को मिल गेट का 63 हजार क्विंटल गन्ना इंडेंट जारी किया था। शुगर मिल के अतिरिक्त महाप्रबंधक (गन्ना) जितेंद्र राणा ने बताया कि पर्याप्त गन्ना पहुंचने पर सोमवार की दोपहर 12 बजे मिल चालू हो गई। मिल में किसानों ने गन्ना लाना प्रारंभ कर दिया है। उम्मीद है कि गन्ना आना लगातार जारी रहेगा। बाहरी क्रय केंद्रों पर अभी तक गन्ना कम आया है। मिल ने 31 अक्तूबर के लिए भी 63 हजार क्विंटल गन्ना इंडेंट जारी किया है।