गणेश महोत्सव के उपलक्ष्य में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कई दिनों से चल रहा था। मंगलवार को विशाल शोभायात्रा के बाद शाम के समय पूर्वी यमुना नहर पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
कस्बा कांधला में सूरजकुंड महादेव मंदिर में गणेश महोत्सव का पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन का समापन मंगलवार को विधि विधान के साथ हुआ। इस बीच मंदिर परिसर में आचार्य शशिभूषण के तत्वावधान में स्थापित भगवान गणपति की प्रतिमा का विधि विधान से पूजन हुआ। भजन कीर्तन किया गया। कार्यक्रम समापन की पूर्व संध्या पर सोमवार रात मंदिर परिसर में सुंदर कांड का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। देर रात तक भजन कीर्तन के बाद प्रसाद वितरित किया गया। वहीं, मंगलवार दोपहर विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सूरजकुंड मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर पूर्वी यमुना नहर स्थित मनकामेश्वर मंदिर पर जाकर समापन हुआ। भव्य शोभायात्रा में अलग अलग संस्थाओं के द्वारा गणेश प्रतिमा, माता वैष्णो देवी, भगवान श्रीकृष्ण, शिव पार्वती के साथ ही अनेक सुंदर झांकियों की प्रस्तुति दी गई। शाम करीब साढे़ छह बजे पूर्वी यमुना नहर पर पहुंचकर भगवान गणपति की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस दौरान सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा, नवेद जंग, सचिन गोयल, कुशांक उर्फ शैंकी चौहान, सुधीर चौहान, विपिन, नरेश सैनी, भीम, तरूण अग्रवाल, दिनेश चन्द गुप्ता, श्याम कुमार आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।