शामली/कैराना। होली और दुल्हैंडी पर हुड़दंग मचाकर शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को होली के त्योहार पर सतर्क रहकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को दुल्हैंडी का पर्व मनाया जाएगा, लेकिन इसका आगाज पहले दिन होली की शाम से शुरू हो जाता है। पुलिस-प्रशासन ने होली के पर्व को शांतिपूर्वक मनाने के लिए तैयारी की है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि होली के पर्व पर सुबह से ही पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। रात में होलिका दहन के दौरान भी पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि कोई शरारती तत्व किसी तरह की शांति भंग करने का प्रयास न करे। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को त्यौहार पर सतर्क रहकर खुराफाती तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उधर, कैराना में कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर ने होली के हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी दी है। होली पर नगर व क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात किया गया है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था हेतु भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस बल की एक कंपनी पहुंच चुकी है, जिनके साथ में क्षेत्र में गश्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी त्योहार का मतलब किसी को प्रताड़ित करना नहीं, बल्कि अपनी खुशियों को दूसरों तक पहुंचाना होता है, इसलिए त्योहार को सभी सौहार्द पूर्वक मनाएं और भाईचारा कायम रखे। होली पर किसी को जबरदस्ती रंग लगाया गया, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।