भक्तों ने जप माला और शांतिधारा का पाठ किया
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद। जैन मुनि सौरभ सागर महाराज ने कहा कि सिद्ध चक्र महामंडल विधान के सप्तम दिवस पूजा में मंडप पर जो 512 श्रीफल चढ़ाए गए हैं, वह अरिहंत, सिद्ध आचार्य, उपाध्याय, साधु प्रमेष्ठी के गुणों के हैं। संगीतमय धुनों के साथ पूजा-अर्चना करते हुए भक्तों ने जप माला और शांति धारा का पाठ किया।
कस्बे के पार्श्वनाथ अतिशय क्षेत्र के परिसर में स्थित मंडप में 108 जैन मुनि सौरभ सागर महाराज के सानिध्य में चल रहे सिद्ध चक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ में मंगलवार को पांडुक शिला पर विराजमान भगवान महावीर स्वामी की जैन श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रात: काल से ही पूजा आराधना मंत्रोच्चार के साथ शुरू की। विधानाचार्य पंडित संदीप जैन सजल और सहयोगी पंडित अभिषेक सौरभ, पंडित सनत कुमार जैन ने प्रात: मंडप विधान में पीत वस्त्र धारण किए सभी इंद्र-इंद्राणियों से 512 श्रीफल मंत्रोच्चार के साथ चढ़वाएं। संगीतमय धुनों के साथ पूजा-अर्चना करते हुए सभी ने जप माला और शांति धारा का पाठ किया। इस अवसर पर जैन मुनि सौरभ सागर महाराज ने कहा कि श्रीसिद्ध चक्र महामंडल विधान के सप्तम दिवस सप्तम पूजा में मंडप पर जो 512 श्रीफल चढ़ाए गए हैं, वह अरिहंत, सिद्ध आचार्य, उपाध्याय, साधु प्रमेष्ठी के गुणों के हैं। यह श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान, विधानों का विधान है, जिसको विधानों का राजा कहा जाता है। इस विधान में कई विधानों का समावेश है। इस विधान के करने से मैना सुंदरी ने अपने पति श्रीपाल समेत सात सौ पीड़ितों का कुष्ठ रोग दूर कर दिया था। मुख्य रूप से सप्तम पूजा में यज्ञनायक सुरेंद्र जैन, कमल जैन दिल्ली रहे। शाम को संगीतकार विजय मधुर एंड पार्टी भोपाल द्वारा भगवान महावीर के भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भगवान की भक्ति में डूबकर खूब झूम कर नाचे। कार्यक्रम में नरेंद्र जैन, सोमेंद्र जैन, विशाल जैन, सुभाषचंद जैन, राजीव जैन, राजेंद्र जैन, उमा जैन, नीना जैन, सुषमा जैन, सुशील जैन, धनप्रकाश जैन, सचिन जैन, राहुल जैन आदि मौजूद रहे।
भगवान के मस्तकाभिषेक की तैयारी जोरों पर
जलालाबाद। 1008 पार्श्वनाथ अतिशय क्षेत्र मंदिर के परिसर में स्थित विराजित मानव स्तंभ में भगवान के महा मस्तकाभिषेक की तैयारी मंदिर समिति द्वारा जोरशोर से चल रही है। जैन मुनि 108 सौरभ सागर महाराज के सानिध्य में 21 से लेकर 24 मार्च तक भगवान श्री का महामस्तकाभिषेक विद्वान आचार्य पंडित संदीप जैन सजल, पंडित राजकुमार जैन, पंडित सनत कुमार जैन आदि द्वारा कराया जाएगा । यह जानकारी मंदिर समिति के सतेंद्र कुमार जैन ने दी है।
स्कूली बच्चों ने मनाया होली पर्व
जलालाबाद। जलालाबाद के ग्रीन वैली जूनियर हाईस्कूल, सैंट स्टीफन इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी. पब्लिक स्कूल, एल्पाईन इंटरनेशनल स्कूल, वशिष्ठ विद्यामंदिर जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक विद्यालय एक व दो तथा गुरुनानक कन्या इंटर कालेज आदि शिक्षण संस्थाओं में होली का उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रधानाचार्य चंद्रसैन चौधरी, सुशील शर्मा, चंदकीराम आर्य, देवेंद्र शर्मा, आदि प्रधानाचार्यों ने अपने अपने स्कूलों में बच्चों को होली पर्व के विषय में जानकारी दी।