राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी
जलालाबाद। कृष्णा नदी में डूबने के कारण चंदेनामाल गांव के युवराज और रजत की मौत होने पर मंगलवार को गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने पीड़ितों के घर पहुंचकर सांत्वना दी। शोकाकुल परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया। वहीं, ग्रामीणों ने अपनी कुछ समस्याएं भी उन्हें बताईं।
रविवार को गांव चंदेनामाल निवासी युवराज और रजत कृष्णा नदी में डूब गए थे। सोमवार को उन दोनों के शव बरामद हुए थे। मंगलवार को गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने गांव चंदेनामाल पहुंचकर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि वह चंदेनामाल के लोगों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं। वह पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने को तैयार हैं। इस मौके पर ग्रामीणों ने राज्यमंत्री से कृष्णानदी रपटा पुल के दोनों और रेलिंग लगाए जाने की मांग की। एक बुजुर्ग महिला ने कहा कि गांव में केवल एक ही हैंडपंप है, जिससे गांव की 70 प्रतिशत आबादी पानी पीती है। बाकी हैंडपंपों से दूषित पानी निकलता है। इस कारण गांव में गंभीर बीमारियां फैल रही हैं। राज्यमंत्री सुरेश राणा ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके ग्राम प्रधान मामचंद शर्मा, वेदप्रकाश, जयपाल, ठाकुर सोहनवीर सिंह, पवन कुमार, कुलदीप, चक्रेश, बोबी शर्मा, प्रवीण अंकित कुमार, त्रिलोकी, खड़ग सिंह आदि मौजूद रहे।