सीडीओ से शिकायत की
शामली।
गांव लांक स्थित उच्च प्राथमिक स्कूल और राजकीय पशु चिकित्सालय का भवन काफी समय से जर्जर हालत में है। इसकी शिकायत प्रधानाध्यापक व ग्रामीणों ने सीडीओ से करते हुुए भवन निर्माण की मांग की है।
बुधवार को गांव लांक स्थित बालिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरपाल सिंह व ग्रामीण रवि मलिक ने राजकीय पशु चिकित्सालय के जर्जर भवन को लेकर सीडीओ से शिकायत की। प्रधानाध्यापक हरपाल सिंह ने बताया कि स्कूल का भवन पिछले छह वर्षों से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हैं। बरामदे का लिंटर भी टूट टूटकर नीचे गिरता रहता है। इस कारण स्कूल में हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है। बच्चों का हर समय ध्यान रखना पड़ता है। इसकी सूचना पूर्व वर्षों में कई बार शिक्षा विभाग के साथ ही जन प्रतिनिधियों को लिखित में फोटो सहित दे दी गई है। वहीं, रवि मलिक ने बताया कि पशु चिकित्सालय भवन का बुरा हाल हो रखा है, जिसकी कई बार विभाग को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी रेणू तिवारी से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त भवनों के नवनिर्माण की मांग की है।