ई वे बिल में छूट की सीमा बढ़ाने की मांग
शामली।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने यूपी के भीतर व्यापार करने पर जीएसटी के तहत ई वे बिल की छूट 50 हजार से बढ़ाकर दो लाख रुपये किए जाने की मांग की है।
शुक्रवार को शामली में सुभाष चौक के पास स्थित कार्यालय पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक हुई। उसमें संगठन के प्रदेश अध्यक्ष घनश्यामदास गर्ग ने कहा कि यूपी के भीतर माल के परिवहन पर ई वे बिल जारी करने की सीमा 50 हजार रुपये बहुत कम है, जबकि अन्य राज्यों में यह सीमा ज्यादा है। यूपी में सीमा कम होने की वजह से छोटे व्यापारियों को ई वे बिल जारी करने में परेशानी हो रही है। उनकी मांग है कि ई वे बिल की छूट को 50 हजार से बढ़ाकर दो लाख रुपये किया जाए। इस मांग के संबंध में 27 जून को प्रदेश के सभी जिलों में वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों को व्यापारी ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान सूर्यवीर सिंह, कंवरबीर कांबोज, ब्रजभूषण संगल, रवि संगल, आशु पुरी, प्रदीप संगल, सुभाष धीमान, अमित गर्ग, राजीव जैन, मनोज मित्तल, पंकज वालिया, रामकुमार, पवन गोयल, राजेश संगल और राहुल जैन आदि मौजूद रहे।