कैराना। मैढ़ क्षत्रिय धर्मशाला में स्वर्णकार एवं सराफा यूनियन की ओर से ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन और सराफा यूनियन अध्यक्ष रमेश चंद वर्मा ने सरस्वती मां के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इसके पश्चात देश की रक्षा पर मर मिटने वाले शहीद सैनिकों को मोमबत्ती जला कर श्रद्घांजलि दी गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि कैराना अमन पसंद शहर है। यहां हिंदु मुसलमानों के साथ मिलकर ईद मनाते है तो मुसलमान हिंदुओं के साथ मिल कर दीवाली मनाते है। सराफा यूनियन के अध्यक्ष रमेश चंद वर्मा ने कहा कि ईद और दीवाली हम सबका त्योहार है। हम सभी को त्योहार आपस में मिलजुल कर प्रेम के साथ मनाना चाहिए। समारोह का संचालन डाक्टर निर्मल जैन ने किया। इस अवसर पर हेमचंद वर्मा, वैभव मित्तल, शगुन मित्तल, राकेश वर्मा, संजय कांबोज आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व पालिका चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने कस्बे के बाजारों में पैदल घूमकर सभी व्यापारियों को ईद की शुभकामनाएं दी।