जलालाबाद में आज हटाया जाएगा अतिक्रमण
जलालाबाद।
नगर पंचायत जलालाबाद में मंगलवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। सोमवार को नगर पंचायत की तरफ से लाउडस्पीकर के जरिये कस्बे में प्रचार कराकर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई कि खुद ही अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा मंगलवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा। कस्बा जलालाबाद के लोगों द्वारा ही नगर पंचायत में शिकायत की जा रही थीं कि अतिक्रमण की वजह से परेशानियां होती हैं। उनकी मांग थी कि अतिक्रमण हटवाया जाना चाहिए। अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि सोमवार को कस्बा में लाउडस्पीकर के माध्यम से अतिक्रमण हटवाने के लिए लोगों को चेताया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को साथ लेकर मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।
एंबुलेंस खराब होने से लोग परेशान
जलालाबाद। नगर पंचायत की एंबुलेंस काफी समय से खराब है, जिस कारण आपात स्थिति में एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने के कारण लोग परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। शनिवार को ही एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने एंबुलेंस बुलवानी चाही, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिल सकी थी। इस तरह के मामले पूर्व में भी कई बार सामने आ चुके हैं। उधर, इस संबंध में जलालाबाद नगर पंचायत चेयरमैन अब्दुल गफ्फार का कहना है कि नगर पंचायत की एंबुलेंस काफी समय से खराब है, जिस कारण यह सुविधा नागरिकों को नहीं मिल पा रही है। आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।