ग्रामीणों को बकाया बिल जमा करने में मिलेगी विशेष छूट
शामली। सरकार की सौभाग्य योजना में ग्रामीणों को मुफ्त विद्युत कनेक्शन देने के बाद अब पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने एक और तोहफा दिया है। बकायेदारों को 10 प्रतिशत छूट के साथ छह माह में आसान किश्तों के साथ विद्युत बिल जमा कराने का सुनहरा मौका दिया गया। इतना ही नहीं निजी नलकूप में यह छूट 20 प्रतिशत दी गई है। इसके बाद भी यदि बकायेदार विद्युत बिल जमा नहीं करते, तो विभाग को मजबूरन उनके खिलाफ कार्रवाई करनी पडे़गी।
बुधवार को विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने नॉन शहरी क्षेत्र में यह योजना लागू की है। शामली, कैराना व कांधला नगरपालिका परिषद क्षेत्र और थानाभवन नगर पंचायत क्षेत्र में इस योजना का लाभ नहीं मिल मिलेगा। योजना के मुताबिक बिजली बत्ती-पंखा बकाएदार विद्युत उपभोक्ता अब अपना विद्युत बिल छह माह की किश्तों में अदा कर सकते हैं। इसके अलावा पांच एमवीए निजी नलकूप के बकाएदार उपभोक्ताओं को 10 के बजाए 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उपभोक्ता का जितना भी बिल होगा उसे छह माह की किश्तों में बांट दिया जाएगा। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता के साथ एक्सईएन प्रथम आरके सिंह मौजूद रहे।
ऊन-खोड़समा में बिजलीघर शुरू
शामली। अधीक्षण अभियंता सुनील कपूर ने बताया कि जिले के ऊन तहसील क्षेत्र में ओवरलोड की समस्या को दूर करने के लिए दो नए बिजलीघर बुधवार से शुरू हो गए हैं। कस्बा ऊन और खोड़समा में 10-10 एमवीए के दो नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित किए गए थे। दोनों बिजलीघरों का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। बुधवार से दोनों बिजलीघरों को उर्जीकृत कर दिया गया।
एक्सईएन ने भेजी 10 जेई की डिमांड
शामली। विद्युत विभाग के एक्सईएन प्रथम ने विभाग के एमडी को जनपद में 10 जूनियर इंजीनियर तैनात किए जाने की मांग की है। एक्सईएन आरके सिंह ने बताया कि जनपद में 27 जेई हैं, जिनके कार्यक्षेत्र में दो-दो, तीन-तीन बिजलीघर हैं। जेई की कमी के कारण बहुत से बिजलीघरों पर कार्य बाधित हो रहा है। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर जिले में करीब 10 जेई तैनात किए जाने की मांग की है।