शामली । राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का चौथे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार राकेश त्यागी ने किया। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को देश और समाज सेवा के प्रति जागरूक किया। वहीं योग प्रशिक्षक ने योग के प्रति जागरूक किया।
गांव सिंभालका में वीवी इंटर कॉलेज के चल रहे दस दिवसीय एनएसएस शिविर में पहुंचे तहसीलदार राकेश त्यागी ने स्वयंसेवकों को ऐसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक भाग लेकर देश और समाजसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वयं के लिए तो सभी जीते है, लेकिन ऐसे कार्यक्रम में हिस्सा लेने से हमें दूसरों के प्रति जीने की प्रेरणा मिलती है। प्रधानाचार्य एसके आर्य और प्रदीप गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग करने से छात्रों में काफी बदलाव आता है। वहीं दाखिला लेने में भी स्वयंसेवकों को लाभ मिलता है। कार्यक्रम अधिकारी डाक्टर अनुराग शर्मा ने कहा कि देश और समाज को बदलने के लिए पहले हमें खुद को बदलना होगा। दूसरे सत्र में योग प्रशिक्षक मनोज गोस्वामी ने सभी स्वयंसेवकों को योगासनों का अभ्यास कराते हुए स्वस्थ रहने के लिए योग के प्रति जागरूक किया। जिसमें सभी को कपाल भांति, अनुलोम विलोम, चक्रासन, वक्रासन आदि का अभ्यास कराया। इस दौरान राजनाथ सिंह, राजबीर सिंह, महावीर सिंह, गुरुदास सिंह, धीरज, श्रवण, सौरभ, मुकेश, असलम, मनजीत, आमिर आदि मौजूद रहे।