कांधला (शामली)। पशु पालन विभाग की ओर से गांव डूंडूखेडा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। पशु चिकित्सकों ने पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव और उनके उपचार के बारे में जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर राजेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय पशुधन बीमा योजना चलाई गई है। इस योजना का लाभ प्रत्येक पशु पालक ले सकता है। इसके अलावा पशुओं के पालन पोषण, पशु आहार, कृमि नाशक दवापान, पशुओं में टीकाकरण और पशुओं में बांझपन को दूर करने और आधुनिक विधि से पशुपालन अपनाकर आय को दोगुनी करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस मौके पर पशु चिकित्सकों ने गाय, भैंस और बकरी आदि पशुओं का परीक्षण भी किया तथा बीमारियों से बचाव के बारे में जरूरी बातें पशु पालकों को समझाई। इस दौरान ग्राम प्रधान के पति राज पाल सिंह, डाक्टर राकेश कुमार, सहदेव सिंह, अरविंद कुमार, नितिन मलिक, संजीव कुमार, दिनेश कुमार, समबीर, रामबीर आदि मौजूद रहे।