शामली। पांच लोगों में डेंगू पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। महकमे की ओर से पीड़ित लोगों के यहां छिड़काव कराने के साथ ही उनको दवाईयां वितरित की गई।
इस बार जिले में बुखार के मरीजों में बढ़ोतरी हुई है। डेंगू ने इस बार भी पैर पसारा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू के मामले प्रकाश में आने पर जिला मलेरिया विभाग द्वारा पांच सैंपल जांच के लिए मेरठ भेजे थे, जिनमें से दो पॉजिटिव आए थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से दस और सैंपल जांच के लिए मेरठ भेजे गए थे। जिनमें से तीन सैंपल पॉजिटिव आए है। डेंगू के पांच मरीजों के सैंपल पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। बुधवार को आई रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू से पीड़ित लोगों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी गई। जिला मलेरिया अधिकारी डाक्टर विनय कुमार ने बताया कि पीड़ित लोगों का इलाज शुरू करा दिया गया और संबंधित के आसपास दवाइयों का छिड़काव करा दिया गया।