लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव डॉ. राज शेखर ने थाना झिंझाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। थाने के अपराध रजिस्टर आदि में खामियां मिलने पर सुधार के निर्देश दिए। सीएचसी में चिकित्सकों और अन्य स्टाफ की कमी मिलने पर व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
मंगलवार को थाना झिंझाना में निरीक्षण करने पहुंचे राज शेखर ने साफ सफाई देखकर संतोष जताया। साथ ही महिला उत्पीड़न, एससीएसटी एक्ट, तहसील दिवस, समाधान दिवस, भूमि विवाद, शस्त्र लाइसेंस रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर के अलावा सिपाही की बीट बुक आदि की जांच की। अभिलेख अपूर्ण मिलने पर नाराजगी जाहिर की। तहसील व थाना दिवस के रजिस्टरों में शिकायतकर्ता के नाम के अलावा घटना का विवरण, निस्तारण का विवरण आदि जानकारी अंकित नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार का निर्देश दिया। उधर, व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष आशीष मित्तल के नेतृत्व में व्यापारियों ने विशेष सचिव से मुलाकात कर झिंझाना कस्बे की समस्याओं से अवगत कराया। जिनमें मुख्य रूप से टूटी पड़ी नालियों खडंजों आदि पर स्लैब न होने, बिड़ौली बस स्टैंड से करनाल हाईवे तक संपर्क मार्ग की खस्ताहाल, खराब स्ट्रीट लाइटों को खराब होने सहित कई मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। इसके अलावा पूर्व सभासद सतपाल बंसल ने बताया कि उसकी 55 बीघा खेती की जमीन पांच वर्षो से दबंगों के कब्जे में है। कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। विशेष सचिव ने कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।
इसके बाद विशेष सचिव ने ऊन रोड स्थित सीएचसी का निरीक्षण किया। इलाज के लिए आए मरीज वकील झिंझाना और महिला रमा बीबीपुर से जानकारी ली। इसके अलावा फार्मासिस्ट से दवाइयों के बारे में जानकारी ली। मौके पर डॉ. डीवी सिंह और तरुण चौधरी, महिला डॉ. मीनाक्षी से बात की। पूछा कि किस बीमारी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। क्या उपचार उन्हें दिया जा रहा है आदि पूछताछ की। विशेष सचिव के निरीक्षण के मद्देनजर सीएचसी और थाना परिसर में साफ सफाई दुरुस्त करा दी गई। उधर, झिंझाना के बाद विशेष सचिव ने शामली में विकास भवन कार्यालय पहुंचकर भी निरीक्षण किया। विकास भवन परिसर के विभिन्न दफ्तरों में पहुंचकर योजनाओं के बारे में जानकारी ली।