फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली नहीं आई, कुर्सियां छोड़ गायब हो गये डाक्टर साहब

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली गुल होने से अस्पताल में कोहराम
विज्ञापन

शामली। बिजली की अंधाधुंध कटौती से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बुधवार की रात खंभे टूटने के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंधेरे में डूब गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी मुश्किलों के दौर से गुजरना पड़ा। बिजली नहीं आने के कारण गर्मी में तीमारदार मरीजों को हाथ से पंखा करते रहे। अस्पताल में कोहराम मच गया। गंभीर रूप से बीमार लोगों की सेहत पर भी काफी असर पड़ा। बृहस्पतिवार को डॉक्टर के भी कमरों से नदारद रहने के कारण ओपीडी तक ठीक से नहीं हो पाई।
दरअसल, बुधवार रात करीब 12.30 बजे बुढ़ाना रोड बलभद्र मंदिर के पास ट्रक की टक्कर से दो विद्युत खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद बुढ़ाना रोड फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिसकी चपेट में शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी आ गया। अस्पताल में लगे इनवर्टर बैटरी भी कुछ समय के बाद जवाब देकर बंद हो गए, जिसके बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों का बुरा हाल हो गया। गर्मी के मौसम में बिजली गुल रहने पर हाथ के पंखे से हवा करते हुए लोगों को रात बितानी पड़ी।
विज्ञापन

वहीं, बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे जब अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, तो अस्पताल की गैलरी और कमरों में अंधेरा छाया हुआ था। कमरों में अंधेरा होने के कारण कई डाक्टर ओपीडी करने की बजाय कुर्सियां छोड़कर गायब हो गए। केवल चिकित्साधीक्षक डाक्टर जगमोहन, पैथोलॉजिस्ट डाक्टर अनुपम सक्सेना तथा एक अन्य डाक्टर अपने कमरे में बैठे नजर आए। वहीं, इलाज कराने आए मरीज भी इधर-उधर भटकते हुए नजर आए। कुछ मरीज बगैर उपचार कराए ही लौट गए।
--- दो जेनरेटर, पर अस्पताल में नहीं सुविधा
कहने को शामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो जेनरेटर हैं, मगर इनमें से एक जेनरेटर (25 किलोवाट) कई साल से खराब पड़ा है। वहीं, दूसरा जेनरेटर सीएमओ कार्यालय तथा वैक्सीन स्टोरेज से जोड़ा हुआ है। बिजली कटौती होने पर अस्पताल में मरीजों के कमरों में प्रकाश की व्यवस्था इंवर्टर बैटरी से होती है, लेकिन ज्यादा समय तक बिजली कटौती होने पर वह भी ठप हो जाते हैं।
जच्चा-बच्चा वार्ड में गर्मी से बिलबिलाए मासूम
शामली अस्पताल में प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा वार्ड में करीब आधा दर्जन महिलाएं भर्ती है। बुधवार रात से बृहस्पतिवार दोपहर तक बिजली कटौती होने के कारण गर्मी में जच्चा और बच्चा का बुरा हाल हो गया। उनके तीमारदार अपने मरीजों को हाथ के पंखे से हवा करते हुए नजर आए।
वर्जन
बिजली आपूर्ति बंद होने की वजह से अस्पताल में भी आपूर्ति नहीं हो सकी थी। इनवर्टर बैटरी लगी हैं, लेकिन देर तक कटौती के कारण वह भी बंद हो गई। अस्पताल में लगा जेनरेटर कई साल से खराब है, जो धनराशि आवंटन नहीं होने के कारण ठीक नहीं हो पाया है। --- डाक्टर जगमोहन, सीएचसी प्रभारी
विज्ञापन

--- वर्जन ---
बुढ़ाना रोड पर बलभद्र मंदिर के पास बुधवार रात करीब 12.30 बजे ट्रक की टक्कर से दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसी कारण बुढ़ाना रोड फीडर से जुड़े क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। बृहस्पतिवार दोपहर लाइन ठीक कराने के बाद आपूर्ति सुचारु करा दी गई। -- शैलेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड द्वितीय
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें