जिले में कोरोना पॉजिटिव 54 नए केस मिले
शामली। जिले में कोरोना पॉजिटिव के 54 नए केस मिले हैं, जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक केस मिलने का रिकार्ड है। पूर्व में मिले कोरोना पॉजिटिव 20 लोग ठीक हुए हैं। जिले में कोरोना पॉजिटिव के सक्रिय केस की संख्या बढ़कर 234 हो गई है।
शुक्रवार को सैंपलों की प्राप्त रिपोर्ट में 54 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इससे पहले 18 जुलाई को एक दिन में 40 केस मिले थे। शहर के गगन विहार में सात लोग कोरोना संक्रमित मिले, जिनमें 12 साल का किशोर व 15-15 साल की दो किशोरी, 18 साल की युवती के अलावा 55, 60 व 78 साल की तीन महिलाएं कोरोना संक्रमित मिली। आदर्श विहार में 11 से 72 साल की उम्र के 15 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें पांच महिलाएं हैं। टंकी कालोनी में 32 वर्षीय महिला, दयानंद नगर में 60 वर्षीय व्यक्ति, विवेक विहार में 22 वर्षीय युवती, रोडवेज बस स्टैंड के निकट रहने वाले 65 वर्षीय व्यक्ति, रेलपार में 55 वर्षीय महिला व 58 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है।
जैन कालोनी में 60 वर्षीय व्यक्ति, सात साल की लड़की, 15 साल की किशोरी, 47 साल की महिला, 60 साल का व्यक्ति और 25 साल का युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। शामली क्षेत्र के गांव मुंडेट में एक परिवार की 38 वर्षीय महिला व 40 साल का युवक, गांव खेड़ीकरमू में 65 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली। शामली क्षेत्र में अन्य सात लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। झिंझाना में 45 वर्षीय व्यक्ति, गांव लक्ष्मणपुरा में 20 वर्षीय युवक, गांव अंबेहटा याकूबपुर में 62 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
कस्बा कांधला में 24 व 35 वर्षीय दो युवक और 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले। कस्बा थानाभवन में 22 वर्षीय युवती कोरोना पॉजिटिव मिली। कस्बा कैराना में 60 वर्षीय व्यक्ति व 50 वर्षीय महिला, गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव दुल्लाखेड़ी में 22 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। डीएम जसजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिव 54 नए केस मिले हैं। 20 लोग ठीक हुए हैं। जिले में अब कोरोना पॉजिटिव के एक्टिव केस की संख्या 234 हो गई है।