कैराना (शामली)। अनलॉक-1 में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन कर मस्जिद में जुमे की नमाज सामूहिक रुप से पढ़ते हुए 52 लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने सभी लोगों के विरुद्ध महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट कर कोतवाली से ही जमानत देकर छोड़ दिया।
कोरोना महामारी के चलते शासन-प्रशासन ने धार्मिक स्थलों में एक समय में पांच से अधिक लोगों के पूजा पाठ और नमाज पर प्रतिबंध लगा रखा है। शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज के दौरान बेगमपुरा स्थित गाढ़ो वाली मस्जिद में सामूहिक नमाज पढ़ी जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सामूहिक नमाज पढ़ने के आरोप में 52 लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट कर ली। सीओ प्रदीप सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को 41 के नोटिस के तहत कोतवाली से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
----