शामली। शहर के मोहल्ला आर्यपुरी निवासी विक्की ने गांव बधेव में जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर 52, 68,500 रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर आदर्श मंडी थाने पर पीड़ित की तरफ से 11 आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विक्की ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गांव बधेव निवासी वेदांत, अंजू व अनन्या ने अपनी भूमि को पांच करोड़ 11 लाख रुपये में बेचना तय कर उससे पिछले वर्ष 45 लाख 39 हजार रुपये लिए थे। पीड़ित के मुताबिक 4,89,500 रुपये का केसीसी ऋण जमा कराया था। इसके अलावा इस भूमि के लिए राहुल चौधरी निवासी टिटौली ने आठ जुलाई को 50 हजार रुपये, 10 दिसंबर को अभिमन्यु देशवाल निवासी बधेव को सवा लाख रुपये और इसी गांव के प्रशांत देशवाल को 65 हजार रुपये दिए थे।
आरोप है कि इन लोगों ने रुपये लेने के बाद भी उसे जमीन नहीं बेची, बल्कि 16 जनवरी 2026 को भूमि का रजिस्टर्ड इकरारनामा योगेंद्र राणा निवासी निवासी रामपुर पावटी, जिला बागपत, सागर निवासी मोहल्ला सरावज्ञान मंगलौर जिला हरिद्वार, उदयपाल सिंह निवासी न्यू सैनिक कॉलोनी मेरठ, वैभव मलिक निवासी नई बस्ती बड़ौत और विनीत श्रीवास्तव निवासी पंचशील ग्रीन्स ग्रेटर नोएडा वेस्ट को कर उसके रुपये हड़प लिए। पीड़ित का आरोप है कि अपने रुपये वापस मांगने या बाकी रुपये लेकर जमीन का विक्रय पत्र रजिस्टर्ड कराने की बात कहने पर आरोपी उसके साथ गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।