अमर उजाला ब्यूरो
शामली। शामली चीनी मिल में अधिक गन्ना आने से शहर के मुख्य मार्गों पर एक बार फिर जाम लग गया। पूरे दिन शामली चीनी मिल जाने वाली रास्ते बंद होने से शहरवासी परेशान रहे। गन्ने से लदे वाहनों के कारण लगे जाम में डीएम और एसपी समेत स्कूली वाहन भी फंसे रहे।
शनिवार सुबह शहर के मिल रोड, अग्रसेन चौक, हनुमान रोड, वीवी इंटर कालेज, शहर कोतवाली रोड, अस्पताल रोड, कमला कालोनी, शिवगंज, जवाहर गंज मंडी, मार्शगंज मड़ी, धीमानपुरा, रेलवे रोड तालाब रोड पर गन्ने के वाहनों की लंबी लंबी लाइनें लग जाने से भयंकर जाम लग गया। जाम की वजह बृहस्पतिवार मध्यरात्रि शामली चीनी मिल नौ घंटे बंद रहना बना। गन्ने के लदे वाहनों से लगे जाम से आम नागरिकों को पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। हालात यह बन गए कि दोपहर के समय डीएम, एसपी की गाड़ी और स्कूली वाहन भी जाम में फंसे रहे। अधिकारियों की गाड़ियां जाम में फंसने के बाद सीओ सिटी अशोक कुमार पुलिसबल को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। व्यवस्था बनाकर जाम से अधिकारियों की गाड़ियों को निकाला गया। उधर, शामली चीनी मिल के गन्ना महा प्रंबधक कुलदीप पिलानिया और डीसीओ डॉक्टर अनिल भारती ने बताया कि जाम लगने का मुख्य कारण किसानों द्वारा चीनी मिल को नौ घंटे से ज्यादा बंद कराना है। चीनी मिल और शामली सहकारी समितियों की ओर से ज्यादा गन्ने का इंडेंट कर दिए जाने से हालात बिगडे हैं। रविवार को शहर के लोगों को जाम से मुक्ति मिल सकती है।
गन्ने की ट्रैक्टर ट्राली से टकराए कई वाहन, हंगामा
शामली। जाम के दौरान गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने एक कार में टक्कर मार दी। जिससे तीन वाहन आपस में टकरा गए। जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। शनिवार को हनुमान रोड पर वर्मा मार्केट के सामने फव्वारा चौक की ओर से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने कार में टक्कर मार दी। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगने से दूसरी गाड़ी भी उससे टकरा गई। जिसके बाद गाड़ी के चालकों ने ट्रैक्टर ट्राली को घेरकर लिया और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की पुलिस को सूचना दी गई। सीओ सिटी अशोक कुमार पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचे और समझाबुझाकर वाहनों को निकाला गया। करीब आधा घंटे के हंगामे के बाद ट्रैक्टर ट्राली को निकाला गया।