शामली। मानदेय की बढ़ोतरी सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय का घेराव किया। कई घंटे चला हंगामा सीएमओ के आश्वासन पर खत्म हो गया।
आशा संगठन शामली द्वारा मानदेय की मांग को लेकर कई दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के आश्वासन पर आशाएं शांत हुई थी। मंगलवार फिर आशा संगठन की सैकड़ों कार्यकर्ता सीएमओ ऑफिस पहुंच गई और हंगामा शुरू कर दिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आशाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। शाम करीब तीन बजे तक हंगामा चलता रहा। आशाओं की मांग है कि उनका मानदेय 20 हजार रुपये किया जाए और उनको राज्य कर्मचारियों का दर्जा मिले। बताया कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि आशाओं को उनके कार्य का भुगतान समय से नहीं किया जाता। अस्पताल में आशाएं डिलीवरी लेकर आती है उनसे मिठाई के नाम पर रुपये मांगे जाते है। दोपहर करीब तीन बजे सीएमओ डाक्टर राजकुमार और एसीएमओ डाक्टर सफल ने दोबारा आशाओं से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के समाधान की बात कही। सीएमओ ने कहा कि उनके स्तर की जो भी समस्या है, उसका समाधान दो दिन के भीतर हो जाएगा। मगर, शासन स्तर से कोई समस्या है तो इसके संबंध में वह पत्र व्यवहार करेंगे।