कैराना। तहसील में उपजिलाधिकारी अरविंद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 43 शिकायतें आयी, इनमें से केवल दो शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतों को एक सप्ताह में निस्तारण के लिए संबधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित किया गया। यामीन निवासी गढ़ी मिया ने कांधला के रजवाहे की सफाई कराने की मांग की। जगनपुर निवासी भीष्म ने खाद के गड्ढों पर अवैध कब्जे की शिकायत की। खुरगान निवासी जमशेद ने गांव के तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत की। पंजीठ निवासी इमरान ने गांव में अवैध रूप से नकली मावा बनाने की भट्ठियों की शिकायत की। मन्ना माजरा निवासी मेहरबान ने खंद्रावली रजवाहे में पानी छुड़वाने की मांग की। इसके अलावा चकरोड, गांव समाज की भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें आई। एसडीएम ने संबधित अधिकारियों को जल्द ही शिकायतों के निस्तारण के दिशा निर्देश दिए। इस दौरान कांधला थानाध्यक्ष, पूर्ति निरीक्षक कैराना, गन्ना निरीक्षक शामली, अधिशासी अधिकारी कांधला, सहायक विकास अधिकारी सहकारी समितिं, सहायक वन रक्षक, कैराना व कांधला के मंडी समिति के सचिव अनुपस्थित रहे। इस पर एसडीएम ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्घ डीएम को आख्या रिपोर्ट भेज दी। बताया कि कैराना पुलिस क्षेत्राधिकारी क्षेत्र से बाहर होने के कारण नहीं आ सके, जबकि अन्य अधिकारी समाधान दिवस में नहीं आने का कोई कारण नहीं बता सके। इस पर अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्घ जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।