स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डांगरोल में जायजा लिया
कांधला। गांव डांगरोल में एक सप्ताह के दौरान कैंसर पीड़ित तीन लोगों की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर तीनों लोगों के परिजनों से बातचीत की तथा कई ग्रामीणों का ब्लड सैंपल जांच के लिए भरा गया।
क्षेत्र के गांव डांगरोल में एक सप्ताह के भीतर तेजपाल (60), वीरेंद्र सिंह (55) और काशी वाल्मीकि (45) की कैंसर के कारण मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बीमारियां पांव पसार रही हैं। अन्य भी कई लोग गंभीर बीमारी के चलते मौत से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने पूर्व में कई बार दूषित पानी होने के कारण गांव में बीमारी फैलने की शिकायतें कीं, लेकिन हर बार आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। कैंसर के अलावा गांव के काफी लोग हेपेटाइटिस सी की चपेट में भी आ गए हैं। गांव में कैंसर से एक सप्ताह के भीतर तीन मौत होने के कारण स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया।
वहीं, मंगलवार को सीएचसी कांधला के चिकित्साधिकारी डाक्टर रमेश चंद्रा, डाक्टर अमरीश तोमर, डाक्टर स्वाति गुप्ता, डाक्टर एकांत कुमार, डाक्टर विवेक कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर अनिल कुमार, डाक्टर विनय कुमार, डाक्टर दिनेश शर्मा के साथ गांव डांगरोल पहुंचे। टीम ने वीरेंद्र, तेजपाल और काशी के परिजनों से जानकारी ली। टीम ने तीनों लोगों की कैंसर से मौत की पुष्टि की है। चिकित्सा अधिकारी डाक्टर रमेश चंद्रा ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हड्डी के कैंसर और दो लोगों की मौत स्वांस की नली में कैंसर से हुई है। टीम ने इस दौरान गांव में कई लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भरवाए। साथ ही ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्दी ही गांव में कैंप लगाकर जांच के साथ ही बीमार लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।