होनहारों को समझाया प्रशासनिक कार्यप्रणाली
शामली।
छात्रा गरिमा गोयल और छात्र शिवम कुमार संगल ने बृहस्पतिवार को पूरा दिन जिलाधिकारी के साथ बिताया। सुबह के नाश्ते से लेकर दोपहर में दफ्तर पहुंचकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा कि प्रशासनिक अधिकारी किस तरह से कार्य करते हैं। इस दौरान जिलाधिकारी ने उन्हें सफल व्यक्ति बनने और देश सेवा करने के बारे में आवश्यक बातें बताईं।
शामली के मोहल्ला दयानंदनगर निवासी छात्रा गरिमा गोयल ने यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में 93.5 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया, तो दयानंदनगर के ही शिवम कुमार संगल ने इंटरमीडिएट में 91.4 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने दोनों टॉपर्स को प्रोत्साहित करने के लिए नई मिसाल पेश की। इसी के चलते बृहस्पतिवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे दोनों बच्चों को जिलाधिकारी ने अपने कैंप कार्यालय पर बुलाया। वहां उनके साथ नाश्ता किया और फिर अपने साथ कलक्ट्रेट में ले गए। वहां गरिमा और शिवम को जिलाधिकारी ने प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी, उनके दायित्व और प्रशासनिक कार्यों के बारे में बताया। बच्चों को समझाया कि किसी भी मुकाम को हासिल करने के लिए ईमानदारी से मेहनत करनी जरूरी है। उन्होंने ऐसे उदाहरण भी सुनाए, जो कम संसाधनों के बावजूद कामयाब हुए और अपने परिवार के साथ ही देश का नाम रोशन किया। छात्रा गरिमा गोयल और छात्र शिवम कुमार संगल ने बताया कि जिलाधिकारी के साथ पूरा दिन बिताकर बहुत अच्छा लगा। यह भी पता चला कि प्रशासनिक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां कैसे निभाते हैं। गरिमा ने बताया कि वह डाक्टर बनकर देश और समाज सेवा करना चाहती हैं, तो छात्र शिवम कुमार संगल ने कहा कि वह इंजीनियर बनकर देश सेवा करना चाहता है।