शामली।
खाप चौधरियों ने बैठक कर संकल्प लिया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संदेश के साथ बेटियों की सुरक्षा की जाएगी। कन्या भ्रूण हत्या नहीं होने दी जाएगी।
मंगलवार को झिंझाना रोड पर निरवाल खाप भारत के अध्यक्ष राजवीर सिंह मुंडेट के आवास पर खाप चौधरियों की बैठक हुई। उसमें कहा गया कि खाप पंचायतें ऐसा कोई निर्णय नहीं लेती हैं, जो बेटियों की सुरक्षा के खिलाफ हो। बल्कि बेटियों की सुरक्षा के लिए खाप प्रयासरत हैं। राजवीर सिंह मुंडेट ने कहा कि हम सरकार के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का समर्थन करते हैं। लड़के लड़की का सही अनुपात होना समाज के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अंतरजातीय और अंतर धार्मिक विवाहों पर खापों की कोई दखलंदाजी नहीं है, लेकिन गोत्र और गांव में कोई शादी करेगा, तो उससे आपत्ति होगी। सगोत्र विवाह रोकने के लिए किसी तरह की हिंसा का प्रयोग नहीं होना चाहिए। इस दौरान निशान सिंह, गठवाला खाप से राजेंद्र सिंह मलिक, चौधरी जसबीर सिंह, अरविंद देशवाल, उपेंद्र चौधरी कुंडू खाप, चौधरी सहेंद्र सिंह, जितेंद्र हुड्डा और अमित बेनीवाल आदि मौजूद रहे।