शामली। नए पेराई सत्र में 14 दिन में बकाया गन्ना भुगतान कराए जाने की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने चीनी मिल में पहुंचकर हंगामा किया। किसानों के हंगामे के चलते डीसीओ डॉ. अनिल भारती और जीएम केन कुलदीप पिलानियां मौके पर पहुंचे गए। भाकियू नेताओं ने 14 दिन का बकाया भुगतान बृहस्पतिवार को दोपहर तक न होने पर चीनी मिल का पेराई बंद करने की धमकी दी है।
शामली चीनी मिल द्वारा नए पेराई सत्र में सवा माह गुजरने के बाद अभी एक करोड़ रुपये किसानों को दिया गया है, जबकि थानाभवन-ऊन मिल द्वारा किसानों को ज्यादा भुगतान दिया है। नए पेराई सत्र में शामली चीनी मिल द्वारा बकाया भुगतान न किए जाने के विरोध में भाकियू नेता विनोद निर्वाल, भाकियू प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ताओं ने शामली चीनी मिल में पहुंचकर हंगामा किया। किसानों के हंगामा किए जाने के बाद चीनी मिल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मिल के आला अफसरों के बाहर होने के कारण मौकेपर शामली मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानियां पहुंचे। किसानों के हंगामे के दौरान जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल भारती भी मौके पर पहुंच गए। किसानों ने आरोप लगाया कि शामली चीनी मिल के पेराई सत्र शुरु हुए सवा माह गुजर गया है। शामली मिल पर 80 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान है, किंतु अभी तक एक करोड़ रुपये का भुगतान किसानों का किया गया है। किसानों ने 14 दिन में बकाया गन्ना भुगतान कराए जाने की मांग की है, यदि बकाया गन्ना भुगतान बृहस्पतिवार दोपहर बारह बजे तक शामली सहकारी समिति को नही मिला तो भाकियू कार्यकर्ता मिल का पेराई सत्र बंद करादेंगे। इस मौके पर जाहिद अंसारी, हाजी इकराम, अयूब समेत भाकियू कार्यकर्ता मिल के अधिकारी मौजूद रहे। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल भारती ने बताया कि नए पेराई सत्र में थानाभवन मिल द्वारा 51 करोड़ 9 लाख 43 हजार रुपये के गन्ना बकाया के सापेक्ष 37 करोड़ रुपये व ऊन चीनी मिल द्वारा 25 करोड़ 51 लाख 80 हजार रुपये के सापेक्ष 28 करोड़ 53 हजार रुपये का भुगतान किया हैं। शामली चीनी मिल के आला अफसरों के बाहर होने के कारण बृहस्पतिवार को मिल के आला अफसरों से वार्ता करके बकाया भुगतान के लिए दबाव बनाया जाएगा।