अधिकारी और कर्मचारी शनिवार को फसली ऋण प्रमाण पत्र वितरित समारोह की तैैयारियों में जुटे रहे। सीडीओ रेणु तिवारी ने समारोह को सफल बनाने के लिए अधीनस्थों को जिम्मेदारियां सौंपी।
बेसिक शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल सोमवार को दोपहर 12 बजे भैसवाल रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी स्थल पर सात हजार 382 किसानों को फसली ऋण माफी योजना के प्रमाणपत्र वितरित करेंगी। शनिवार को विकास भवन में सीडीओ रेणु तिवारी ने बताया कि समारोह के लिए जिले के 84 बैंक की शाखाओं, विकास, कृषि एवं राजस्व, भूमि संरक्षण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला विकास अधिकारी बलराम कुमार समेत बीडीओ की ड्यूटी इसमें रहेगी। कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए संबधित बैंक शाखा के प्रबंधकों को प्रभारी, प्रकोष्ठों के प्रभारी बीडीओ को बनाया गया है। प्रत्येक प्रकोष्ठ में तीन- चार कर्मचारी रहेंगे। बैंकों की मदद के लिए लेखपालों को किसानों को वाहन से लेकर समारोह स्थल पर लाने की जिम्मेदारी दी गई है। रिजर्व के लिए 20-20 कर्मचारी लगाए गए है। मंच के पीछे वीआईपी वाहनों की व्यवस्था रहेगी। अन्य वाहन की मंडी स्थल में व्यवस्था रहेगी।
एडीएम शिव बहादुर सिंह ने बताया कि फसली ऋण वितरण समारोह के लिए सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, बीडीओ की ड्यूटी लगाई गई है। पंक्ति प्रभारी के रूप में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिले की प्रभारी मंत्री अनुपमा जायसवाल सुबह दस बजे जिला मुख्यालय पर पहुंच जाएगी। कानून व्यवस्था के सीओ, थाना प्रभारी निरीक्षक, निरीक्षक, उपनिरीक्षक, हैड कांस्टेबल, कांस्टेबल की तैनाती की जाएगी। डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एडीएम शिव बहादुर सिंह ने मंडी स्थल पर कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्था का जायजा लेकर दिशा निर्देश दिए।