डिग्री कॉलेजों में यूजी ट्रेडिशनल कोर्सों में चल रही दाखिला प्रक्रिया में तीसरी मेरिट जारी होने के बाद भी 50 प्रतिशत सीटें नहीं भर पाई हैं। कॉलेजों में शुक्रवार को भी दाखिला प्रक्रिया बेहद धीमी रही। चार कॉलेजों में सभी संकायों में केवल 59 ही दाखिले हुए हैं।
यूजी ट्रेडिशनल कोर्सों में यूनिवर्सिटी ने तीसरी मेरिट भी जारी कर दी। जिसके बाद भी जनपद के राजकीय और एडेड कॉलेजों में सीटें भरने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को जनपद के चार कॉलेजों में सभी संकायों में केवल 59 ही दाखिले हो पाए। अभी तक चारों कॉलेजों में सिर्फ 1046 ही दाखिले हुए हैं। जबकि कॉलेजों में सीटें 2292 हैं, जो सीटों के सापेक्ष अभी तक आधे तक भी नहीं पहुंचे। तीसरी मेरिट के दाखिलों का आज अंतिम दिन है। जिसके बाद यूनिवर्सिटी अब मंगलवार के बाद दो ओपन मेरिट जारी कर खाली सीटों को भरने वाली है।
सभी वंचित छात्र-छात्राओं को ओपन मेरिट में ही दाखिला मिलेगा। जिसके लिए वेबसाइट से डाउनलोड परफोर्मा कॉलेज में जमा करने के बाद ही मौका मिलेगा। अभी तक वीवी कॉलेज शामली में बीए में 233, बीकॉम में 40, विजय सिंह पथिक कैराना में बीए में 143, बीकॉम में 88, बीएससी गणित में 57, बायो में 20, आरके पीजी कॉलेज शामली में बीकॉम में 70, बीएससी गणित में 40, बायो में 77, सांख्यिकी में 43 और सबसे कम बीएससी कृषि में 30 दाखिले हुुए हैं। जबकि राजकीय कॉलेज कांधला में बीए में 179, बीएससी गणित में 13 और बायो में भी 40 में से 13 ही दाखिले हो पाए हैं।