चिह्नीकरण के बाद भी नहीं हो रही तालाब की खुदाई
शामली। कैराना क्षेत्र के गांव दभेड़ी खुर्द में राजस्व विभाग ने तालाब का भूमि का चिह्नीकरण तो करा दिया, लेकिन तालाब की खुदाई नहीं हो पा रही है। ग्राम प्रधान के पति का आरोप है कि तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले तालाब की खुदाई करने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।
गांव दभेड़ी खुर्द में तालाब की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। सात जून को पुलिस टीम की मौजूदगी में तालाब की भूमि की पैमाइश कराकर चिह्नीकरण करा दिया गया था। दो दिन बाद ही आरोपियों ने डोलबंदी को तोड़ दिया था। फिर 13 जून को प्रशासन ने गांव में जाकर दोबारा से तालाब की डोलबंदी कराई तथा ग्राम पंचायत को तालाब की खुदाई कराने का निर्देश दिया था। इसके बाद से ग्राम पंचायत तालाब की खुदाई कराना चाह रही है, लेकिन आरोपी पक्ष के लोग खुदाई नहीं होने दे रहे हैं। बुधवार को दभेड़ी खुर्द के ग्राम प्रधान के पति मुन्शाद अली चौहान ने पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अजयपाल शर्मा से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र दिया। उसमें कहा कि तालाब की खुदाई कराने के लिए पुलिस मुहैया कराई जाए, क्योंकि तालाब की खुदाई का दूसरा पक्ष विरोध करता है तथा विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है।