शामली। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में लिसाढ़ में कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता खो चुके तीन बच्चों की आर्थिक सहायता के रूप में सोसाइटी से तत्काल 50,000 रुपए की आर्थिक मदद देने एवं 500 रुपए प्रति माह बच्चे के लिए देने पर सहमति प्रदान की गई।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में जिला रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा किए गए कार्यों को लेकर चर्चा की गई। रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा कोविड-19 के दौरान दो रक्तदान शिविर आयोजित कर 103 यूनिट इकट्ठा किए जाने की जानकारी दी गई। स्कूल एवं रेमडेसिविर इंजेक्शन के माध्यम से लगभग 5 लाख 71 हजार रुपये का कलेक्शन किया गया। बैठक में अवगत कराया गया कि कमेटी के पास पांच लोगों को आर्थिक मदद हेतु आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्राप्त आवेदन पत्रों पर जांच कराते हुए आर्थिक सहायता देने हेतु अनुमति प्रदान की गई।
बैठक में रेड क्रॉस सोसायटी के फंड में बढ़ोतरी हेतु जनपद शामली में संचालित निजी संस्थाओं/चिकित्सालयों से सहयोग हेतु प्रस्ताव रखा गया। बैठक के दौरान सोसायटी द्वारा विकासखंड कांधला के ग्राम लिसाढ़ में कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता खो चुके तीन बच्चों की आर्थिक सहायता के रूप में सोसाइटी से तत्काल 50,000 रुपए की आर्थिक मदद देने एवं 500 रुपए प्रति माह पर बच्चे के लिए देने पर सोसायटी द्वारा सहमति प्रदान की गई। बैठक में रेड क्रॉस सोसायटी सदस्य अजय संगल ने तीनों बच्चों को प्रति बच्चे के हिसाब से एक साल तक 500 रुपए प्रतिमाह देने की बात रखी। बैठक में उपाध्यक्ष के रूप में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय अग्रवाल, चेयरमैन कुशांक चौहान, डॉक्टर केपी सिंह सचिव, सदस्य के रूप में अजय संगल एवं सोसायटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।