शामली कमला कॉलोनी में चोरी के बाद परिवार वालो से जानकारी लेते सीओ बिजेंद्र भडाना
- अधिवक्ता परिवार के साथ जयपुर में सालासार बाला जी धाम गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के पॉश एरिया कमला कालोनी में बदमाशों ने अधिवक्ता के घर में घुसकर 1.85 लाख रुपये नकद और गहने चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई है। अधिवक्ता परिवार के साथ राजस्थान में बालाजी धाम पर गए हुए थे। बदमाश सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच पड़ताल में जुटी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र में कमला कालोनी में संजीव गर्ग एडवोकेट अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह वे अपनी पत्नी सुमन गर्ग और बेटी तान्या के साथ राजस्थान में जयपुर के पास स्थित सालासर बाला जी धाम गए थे। संजीव गर्ग मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे परिवार के साथ घर पहुंचे। घर के मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर वे अंदर गए तो कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर सामान इधर-उधर बिखरा देख कर उनके होश उड़ गए। संजीव गर्ग ने बताया बदमाश दीवार फांदकर अंदर घुसे और रसोई की खिड़की तोड़कर घर के अंदर पहुंचे। इसके बाद जिस कमरे में नकदी और गहने समेत कीमती सामान रखा था, उसका ताला तोड़ा। बदमाशों ने अलमारी और सेफ आदि में रखे करीब 1. 85 लाख रुपये नकद, 50 तोले सोने के गहने, हीरे की दो अंगूठी और अन्य कीमती सामान समेत लगभग 50 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
चोरी की सूचना मिलते ही कालोनी के लोग इकट्ठा हो गए। बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पाॅश एरिया में चोरी होने से व्यापारियों और नागरिकों में रोष व्याप्त है। घटना की सूचना पर सीओ सिटी बिजेंद्र सिंह भड़ाना और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में जुटी है। सीओ सिटी का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।
नजदीकी पर जताया शक
जिस तरह से चोरी की घटना हुई, उससे माना जा रहा है कि बदमाशों को घर के और परिवार के बारे में पहले से पूरी जानकारी थी। उन्हें पता था कि कहां से घर में एंट्री की जा सकती है और किस कमरे में कीमती सामान और नकदी रखी है। बदमाशों ने इनके अलावा दूसरे किसी भी जगह पर किसी सामान के साथ छेड़छाड़ नहीं की गई । संजीव गर्ग ने भी इस बात पर शक जताया कि कि घटना को अंजाम देने वालों को पहले से घर परिवार के बारे में जानकारी रही होगी।