शामली। जिले में चल रहे कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को लक्ष्य के सापेक्ष 31.09 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। जिले में 16 हजार का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें 4975 लोगों को टीके लगे हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार सागर ने बताया कि जिले में 68 बूथों पर टीकाकरण हुआ है। इनमें आठ बूथों पर कोवैक्सीन और बाकी सभी बूथों पर कोविशील्ड टीका लगा। 16 हजार लोगों को टीके लगाने का लक्ष्य रखा गया था। 1996 लोगों को पहली डोज का टीका और 2979 लोगों को दूसरी डोज का टीका लगा है। इस तरह से 4975 लोगों को टीके लगे हैं। लक्ष्य के सापेक्ष 31.09 प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। टीकाकरण में वैक्सीन की 497 वॉयल खर्च हुई है।
उन्होंने बताया कि शनिवार को सीएचसी शामली, महिला विशेष जिला अस्पताल, जिला संयुक्त चिकित्सालय, अरबन पीएचसी बरखंडी, सीएचसी कांधला, सीएचसी कैराना, सीएचसी थानाभवन और सीएचसी ऊन पर टीके लगाए जाएंगे। कुड़ाना सीएचसी पर कोवैक्सीन के टीके लगाए जाएंगे। शामली में आरके पीजी कालेज के मैदान में चल रहे दीपावली मेले में शनिवार को दो शिफ्ट में सुबह नौ बजे से तीन बजे तक और तीन बजे से रात 10 बजे तक टीके लगाए जाएंगे।