दुर्घटना में चाचा-भतीजा घायल
थानाभवन। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर दो बाइक आपस में भिड़ गई। जिसमें एक बाइक पर सवार चाचा भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको राहगीरों ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। गंगा पुत्र मोहर सिंह निवासी ग्राम महावतपुर अपने चाचा रामपाल के साथ किसी काम से थानाभवन कस्बे में आया था। दोपहर के समय जब दोनों बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे, तभी थानाभवन रतन पेट्रोल पंप के पास दिल्ली सहारनपुर रोड पर किसी अज्ञात बाइक सवार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। दोनों जमीन पर जा गिरे। दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को उठाकर थानाभवन सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। पत्नी से मारपीट का आरोप
थानाभवन। क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी कुशल पाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके गांव का ही प्रदीप पुत्र वेदपाल घर के सामने जंगली कबूतर को पकड़कर मार रहा था। जिसका विरोध मेरी पत्नी ललितेश ने किया, तो प्रदीप ने मेरी पत्नी के साथ मारपीट की और गालीगलौज की। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई शुरू कर दी।