शामली। रात सवा आठ बजे कोतवाली में कप्तान के आदेश पर घंटा ड्रिल कराई गई। घंटा बजते ही कोतवाली में कई एसआई सहित पुलिसकर्मी चंद मिनटों में तैयार हो गए। जिसके बाद सभी ने शहर में भ्रमण किया।
पूर्व कप्तान देवरंजन वर्मा द्वारा जिले में चलाई गई घंटा ड्रिल व्यवस्था पुलिसकर्मियों की आपातकाल में अलर्ट जानने का बेहतरीन जरिया है। रविवार को कप्तान दिनेश कुमार के निर्देश पर जिले में घंटा ड्रिल कराई गई। इस दौरान शहर कोतवाली में ठीक सवा आठ बजे घंटा बजाया गया। घंटा बजते ही चंद मिनटों में बैरकों और आवासीय परिसर में से पुलिसकर्मी निकलकर तैयार होकर दफ्तर पर आ गए। जिसके बाद कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा के नेतृत्व में एकत्र हुए दरोगा और सिपाही असलाह और बॉडी प्रोटेक्टर के साथ पैदल मार्च करते हुए बाजार में पहुंचे और भ्रमण किया। इस दौरान इंस्पेक्टर क्राइम गुरुचरण सिंह, इंस्पेक्टर ला एंड ऑर्डर रफी परवेज, एसआई सत्यनारायण दहिया सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।