शामली रायफल क्लब में चल रहे शूटिंग टैलेंट सर्च कैंप का बृहस्पतिवार को पांचवां दिन रहा। शुभारंभ मुजफ्फरनगर से आए प्रधानाचार्य विनीत चौहान ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से मेहनत और लगन से खेलकर भारत और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
झिंझाना रोड स्थित शामली रायफल क्लब में क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आठ दिवसीय शूटिंग टैलेंट सर्च कैंप जारी रहा। कैंप में पहुंचे मदनमोहन मालवीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर के प्रधानाचार्य डॉ. विनीत चौहान ने प्रतिभाग करने वाले बच्चों से कहा कि कोई भी खेल हो हमें मेहनत और लगन से खेलना चाहिए। सभी बच्चों को पढ़ाई के साथ ही खेलों में भी अपना कैरियर बनाने का प्रयास करना चाहिए। खेलों से हमारा शरीर बीमारियों से दूर रहता है। खेलों में अधिक से अधिक प्रतिभाग कर हमें अपने देश व क्षेत्र का नाम रोशन करना चाहिए। इस दौरान मुकेश चौधरी, विकास तोमर, विक्रांत निर्वाल, प्रशांत कुमार, रोहित राठी, हिमांशु मलिक, पारस पंवार, बादल शर्मा, ऋतिक मलिक, ऋषभ, आयुष आदि मौजूद रहे।