शामली। माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षकों का मूल्यांकन केंद्र पर बहिष्कार कर 11 वें दिन भी धरना जारी रहा। काफी समय से चल रहे धरने के बाद भी सरकार के द्वारा कोई फैसला न लेने पर शिक्षकों ने सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया। वहीं सोमवार को शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने सहारनपुर में संयुक्त शिक्षा निदेशक से मिलकर यूजर आईडी और पासवर्ड दिलाने की मांग की।
मंगलवार को भी आरके इंटर कॉलेज में वित्तविहीन शिक्षकों का धरना जारी रहा। सभा के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने कहा कि शिक्षकों का मूल्यांकन बहिष्कार को लेकर पहली बार इतना लंबा धरना चल रहा है। जबकि पूर्व की सरकार ने धरने के आठवें दिन शिक्षकों को आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया था। लेकिन वर्तमान सरकार को शिक्षकों की कोई परवाह ही नहीं है। जिस कारण सभी शिक्षकों ने रोष व्यक्त किया। प्रदेश संगठन मंत्री रामपाल सिंह जांगड़ा ने कहा कि राज्यमंत्री सुरेेश राणा को भी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया था। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। जिसका वह इंतजार कर रहे है। सोमवार को शिक्षकों के एक प्रतिनिधि मंडल ने सहारनपुर पहुंचकर संयुक्त शिक्षा निदेशक अनिल चतुर्वेदी से यूजर आइडी व पासवर्ड दिलाने की मांग की। वहीं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा। धरने पर रविंद्र कुमार, रामनाथ, फूल कुमार, सतीश आत्रेय, सुरेंद्र कुमार, श्रवण कुमार, मिंटो, सीमा, प्रवीण, संजय सिंह, आकाश, विजेंद्र, श्रीपाल, घनश्याम, शर्मिला, अमित, विकेंद्र, मदनपाल, मोनिका आदि मौजूद रहे।