ऋण जमा नहीं करने पर फैक्ट्री पर सील लगाई
शामली।
भारतीय स्टेट बैंक शाखा शामली से लिया गया ऋण जमा नहीं करने पर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर बृहस्पतिवार को बैंक कर्मियों ने पुलिस को साथ लेकर फैक्ट्री पर सील लगा दी।
कैराना रोड औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री संचालक ने एसबीआई शाखा शामली से काफी समय पूर्व करीब 55 लाख रुपये ऋण लिया था। निर्धारित समय पर ऋण अदा नहीं किया गया। इसके बाद बकाया वसूली के लिए बैंक की तरफ से पत्राचार किया गया। वहीं, जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय ने वसूली न होने पर फैक्ट्री सील करने का आदेश पारित किया। इसी के चलते बृहस्पतिवार को बैंक शाखा के मुख्य प्रबंधक अनिल सिंह, फील्ड आफिसर जोगेंद्र कुमार और एडवोकेट मुकेश कुमार शामली कोतवाली से एसआई नंदकिशोर सहित अन्य पुलिसकर्मियों को साथ लेकर फैक्ट्री पर पहुंचे। फैक्ट्री पर सील लगाने के बाद टीम लौट आई।