जांच टीम ने विकास कार्यों की हकीकत जानी
कांधला।
शासन के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय टीम सोमवार को विकास कार्यों की जांच के संबंध में नगर पालिका परिषद कार्यालय में पहुंची। टीम ने पालिका प्रशासन के पिछले पांच वर्षों में हुए विकास कार्यों की सूची मांगी। सूची में खामियां मिलने पर उपजिलाधिकारी ने दोबारा से व्यवस्थित सूची बनाने का निर्देश दिए।
कांधला के मोेहल्ला मिर्दगान निवासी पूर्व चेयरमैन हाजी इस्लाम और मोहल्ला मौलानान निवासी पूर्व सभासद अफजाल अली ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कांधला नगर पालिका द्वारा विकास कार्य कराने में अनियमितता बरतने का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की थी। मामले में शासन ने संज्ञान लेते हुए जांच कराने का आदेश दिया था। इसके बाद ही उपजिलाधिकारी कैराना दुष्यंत कुमार मौर्य, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी और अधिशासी अभियंता जल निगम शामली को जांच समिति में सदस्य बनाया गया था। सोमवार को यह टीम विकास कार्यों की जांच करने के लिए नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंची। एसडीएम कैराना दुष्यंत कुमार ने बताया कि पालिका प्रशासन द्वारा पिछले पांच वर्षों में कराए गए विकास कार्यों की जो सूची तैयार की गई है, उसमें स्टीमेट के आधार पर कई खामियां है। उसे दोबारा सही तरीके से बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच प्रारंभ कर दी गई है, लेकिन पांच साल के विकास कार्यों की जांच करने में वक्त लगेगा।