अगले सप्ताह सपा करेगी चेतावनी रैली
शामली। सपा की मासिक बैठक में बिजली बिल भुगतान को लेकर किसानों के उत्पीड़न, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने और लोकसभा उपचुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया। अगले सप्ताह चेतावनी रैली आयोजित करने का निर्णय लिया गया। सपा के जिला सदस्यता प्रभारी प्रोफेसर सुधीर पंवार ने गन्ने की पर्चियों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शुगर मिलें गन्ने की अवैध खरीद कर रही हैं। उन्होंने किसानों से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
रविवार को सपा कार्यालय में पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी की अध्यक्षता में मासिक बैठक हुई। सपा के जिला सदस्यता प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश योजना आयोग के पूर्व सदस्य प्रोफेसर सुधीर पंवार ने कहा कि बिजली बिल भुगतान में किसानों को कोई राहत नहीं मिली है। चीनी मिलों द्वारा गन्ने की अवैध खरीद की जा रही है। किसानों को 14 दिन में गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिस कारण किसानों की हालत खराब हो रही है। उन्होंने किसानों से आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया हैं। बैठक में सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष से प्रत्येक बूथ से दस दस कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर कार्यालय में जमा कराएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा उपचुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। वहीं, सपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हाजी दिलदार बंतीखेडा के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। हाजी दिलदार के पुत्र अब्दुल रहमान को जिला कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। इस मौके पर सपा महासचिव नासिर अली खान, सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय उपाध्याय, पाल सिंह, राजपाल सिंह, सपा महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष मधु देशवाल, विशाल कुमार, कलीम चौधरी, राधेश्याम उपाध्याय, सतपाल कश्यप, मांगेराम, सालिम अंसारी, अयूब ठेकेदार, उमेश प्रधान, दानिश अली, जावेद जंग, बिजेंद्र बाबरी, प्रदीप सिंह सिभांलका, अनुज जावला, रवि बालियान और वतन सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।