शामली। कृषक भारती कोआपरेटिव लिमिटेड की ओर से सहकारी गन्ना विकास समिति शामली के सभागार में उर्वरक विक्रेताओं की बैठक हुई। इसमें पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल्स) मशीन के जरिये ही उर्वरक बिक्री पर जोर दिया गया। सहारनपुर से आए उप गन्ना आयुक्त डाक्टर दिनेश्वर मिश्र मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता जिला गन्ना अधिकारी डाक्टर अनिल भारती ने की। कृभको से आए रमणिक दुबे ने इफको के प्रभारी सतेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी डाक्टर हरीशंकर सिंह से जिले में उर्वरक विक्रेताओं के यहां लगी पीओएस मशीनों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि कोई भी विक्रेता बिना पीओएस मशीन से उर्वरक की बिक्री करता मिलेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर कृभको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक समरपाल सिंह, ज्येष्ठ गन्ना निरीक्षक उपेंद्र कुमार, एआर कोआपरेटिव संजीव तिवारी ने भी विचार रखे। गन्ना समिति शामली के सचिव मुकेश राठी, अपर जिला सहकारी अधिकारी नीरज कुमार, संदीप कुमार मौजूद रहे। बैठक का संचालन विजय सिंह ने किया।
सम्मान राशि बढ़ाने की मांग
शामली। लोकतंत्र सेनानी संगठन के राष्ट्रीय संयोजक कृष्ण बंधु ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता सेनानियों की तरह सुविधाएं दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल में जेल में यातनाएं सही हैं। सेनानियों को मिलने वाली सम्मान राशि दोगुना की जानी चाहिए।