गैंगरेप पीड़िता का मेडिकल कराया
थानाभवन (शामली)। गांव में बंधक बनाकर महिला से गैंगरेप करने के मामले में पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल करा लिया है। दुष्कर्म की जांच के लिए स्लाइड बनाकर प्रयोगशाला भेजी गई हैं। अभी मेडिकल रिपोर्ट पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। वहीं, पीड़िता के धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज नहीें हो पाए हैं।
थानाभवन क्षेत्र के गांव निवासी युवती और गाजियाबाद निवासी युवक प्रेम प्रसंग के चलते 25 नवंबर को फरार हो गए थे। युवती भोपुरा में रहकर पढ़ाई करती थी। वहीं, 19 दिसंबर को युवती पक्ष के लोगों ने युवक के परिजनों को धोखे से गांव बुला लिया था और बंधक बनाकर यातना दी गई थीं। सूचना मिलने पर 25 दिसंबर को थानाभवन थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार को बंधनमुक्त कराया था। मामले में युवती के पिता और गांव के पूर्व प्रधान सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। वहीं, शुक्रवार को युवक की मां ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया था कि बंधक बनाने पर उसके साथ गैंगरेप भी किया गया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थानाभवन थाना पुलिस ने पूर्व मेें दर्ज रिपोर्ट में गैंगरेप की धारा बढ़ाकर विवेचना प्रारंभ कर दी थी। उधर, शनिवार को पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल कराया। पुलिस ने पीड़िता का धारा 161 के तहत बयान दर्ज कर लिया, लेकिन मजिस्ट्रेट के समक्ष अभी बयान दर्ज नहीं हो सका है। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार का कहना है कि शीतकालीन अवकाश के बाद महिला को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करके बयान दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी पूर्व प्रधान भोपाल सिंह को चार दिन पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया। बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी जा रही हैं। आरोपी अपने घरों से फरार हैं। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।