चौसाना (शामली)। गांव जिजौला के जंगल में भूसे के 40 कूपोंं में शनिवार रात अचानक आग लग गई। आग लगने से करीब 50 लाख रुपये कीमत का आठ हजार क्विंटल भूसा जल गया। यह भूसा पांच लोगों ने बिक्री के लिए जमा किया था। भीषण आग लगने की सूचना मिलने पर शामली के अलावा मुजफ्फरनगर व मेरठ से दमकल की छह गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद भी भूसे में अंदर ही अंदर आग सुलगती रही।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव जिजौला में शनिवार की रात करीब 12 बजे खेत में भूसे के कूप में अचानक आग लग गई। आग देखते ही देखते फैलती गई और सभी 40 कूपों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। यह भूसा जिजौला निवासी शहजाद व हाजी इरशाद और चौसाना निवासी कय्यूम, जुनैद व जावेद ने साझे में बिक्री के लिए गेहूं कटाई के सीजन में इकट्ठा किया था। आठ बीघा भूमि में 40 कूप बनाकर रखा हुआ था। भीषण आग की लपटें उठी, जिसे देखकर लोगों में दहशत बनी रही। आग लगने की सूचना पर शामली दमकल की चार गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन आग पर नियंत्रण न होता देख मेरठ व मुजफ्फरनगर से भी एक-एक गाड़ी दमकल की पहुंची। रात से लेकर रविवार दोपहर तक दस घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
दमकल की गाड़ी के साथ आग को बुझाने के लिए फसलों पर छिड़काव करने वाली छह स्प्रे मशीन व पानी के लिए दो नलकूपों की मदद भी ली गई। दमकल की गाड़ी में पानी भी नलकूपों से भरा जाता रहा। रात में ही आग की सूचना पर सीओ कैराना अमरदीप मौर्या, झिंझाना थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह और अन्य पुलिसबल मौजूद रहा।
दोपहर में फिर भड़की आग
बताया गया है कि कूपों में आग दहक रही थी जिस कारण दोपहर बाद हवा चलने से कूपों में फिर आग भड़क गई। पीड़ितों ने दमकल विभाग को जानकारी दी, तो उन्होंने पीड़ितों को अपने स्तर से आग बुझाने के लिए कहा। इसके बाद ग्रामीण स्प्रे मशीन की मदद से आग बुझाने में लगे रहे।
डायल 112 पर पर दी थी सूचना
पीड़ित शहजाद का आरोप है डायल 112 पर आग की सूचना दी थी। इसके बाद डायल 112 की गाड़ी कार मौके पर पहुंची तो उन्होंने उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराने के लिए आग्रह किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उनकी नहीं सुनी और मौके से चले गए।
चीख पुकार से सहमा जिजौला, महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल
भूसे के 40 कूप पूरी तरह से जल जाने से करीब 50 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। इस दौरान पीड़ित परिवार की महिलाएं भी मौके पर पहुंची। भूसे को जलता देख महिलाओं का रो-रोकर बुरा था। उनका कहना था कि उनकी तो जिंदगी भर की कमाई चली गई।
पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
जिजौला में भीषण आग लगने की सूचना पर नायब तहसीलदार ऊन व सीओ कैराना अमरदीप मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान नायब तहसीलदार ने पीड़ित शहजाद आदि से घटना और नुकसान के बारे में जानकारी ली।
चौसाना में भूसे के कूपों में लगी आग की सूचना पर दमकल की छह गाड़ी मौके पर गई थी। करीब दस घंटे में आग पर नियंत्रण पाया जा सका। झिंझाना में दो गाड़ी मौके पर गई थी। वहां पर कुछ समय में ही आग बुझा ली गई थी।
-सतेंद्र कुमार, एफएसओ शामली
चोसाना जिजौला मे भूस के कूपों में रात्रि के समय लगी भीषण आग की लपटे