अमर उजाला ब्यूरो
शामली। निजी स्कूलों में फीस को लेकर की जा रही मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर अभिभावकों का प्रतिनिधिमंडल डीएम अखिलेश कुमार सिंह और डीआईओएस अनुराधा शर्मा से मिला। डीएम ने शासनादेश का उल्लंघन करने वाले निजी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रतिनिधि मंडल ने डीएम को बिना वजह कोर्स, ड्रेस, एडमिशन फीस, ट्यूशन फीस, ट्रांसपोर्ट और अन्य मदों के नाम पर अभिभावकों के उत्पीड़न की जानकारी दी। इस पर डीएम ने कहा कि शासन की ओर से जारी आदेश न मानने वाले वाले स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों की समस्याओं का अति शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अभिभावक जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा से मिले और शिक्षण संस्थाओं की मनमानी से अवगत कराया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अभिभावकों को तीन दिन में निजी स्कूलों की बैठक बुलाकर समस्या का समाधान करने की बात कही। साथ ही कहा कि यदि कोई भी स्कूल शासन के नियमों के खिलाफ जाएगा तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रोबिन गर्ग, सोनू कुमार, टिंकू तोमर, श्यामवीर, सोनू जुनेजा, दीपक शर्मा, मनप्रीत सिंह, विशाल शर्मा, अजय पंवार आदि मौजूद रहे।