पात्रों को पेंशन, राशन कार्ड वितरित
थानाभवन। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जयंती पर ब्लॉक में आयोजित सुशासन दिवस पर लोगों ने पेंशन और राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किए। कार्यक्रम में डीएम ने अंत्योदय के पात्र परिवारों को राशन कार्ड व पेंशन का वितरण किया।
मंगलवार को जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। इस दौरान ब्लॉक कार्यालय में लोगों ने वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन किए। जिलाधिकारी ने लोगों को विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने के तरीके बताए। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोगों को पेंशन का वितरण किया। इस दौरान क्षेत्र के गांव मादलपुर निवासी सरोज ने जिलाधिकारी को शिकायत करते हुए बताया कि उनके घर में शौचालय नहीं बना है। इस संबंध में वह ग्राम प्रधान, सचिव एवं तहसील तक शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक उनका शौचालय नहीं बना है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र शौचालय का निर्माण कराने के निर्देेश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी नगर पंचायत सभागार पहुंचे। यहां भी उन्होंने लोगों को पेंशन व राशन कार्ड के आवेदन बांटे। साथ ही इस दौरान पूर्ति निरीक्षक वैशाली अहलावत ने पात्र परिवारों को अंत्योदय के राशन कार्ड वितरित किए।