गांव में विकास कार्य कराने की मांग
झिंझाना। ग्राम पंचायत पटनी परतापुर के सदस्यों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर गांव में विकास कार्य कराने की मांग की है। ग्राम पंचायत सदस्यों का कहना है कि ग्राम प्रधान को पुलिस ने आपराधिक मामले में गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
गांव पटनी परतापुर के ग्राम प्रधान इतवारी को दो महीना पूर्व पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इतवारी के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने और महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज हुई थीं। ग्राम पंचायत सदस्यों ने जिलाधकारी को प्रार्थना पत्र देकर विकास को सुचारु कराने की मांग की। उनकी मांग है कि या तो पैनल बनाकर विकास कार्य कराए जाएं या फिर ग्राम प्रधान की जिम्मेदारी किसी सदस्य को सौंपी जाए। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने उन्हें बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया है। प्रार्थना पत्र देने वालों में ग्राम पंचायत सदस्य विक्रम सिंह, सीता देवी, लक्ष्मी, राजबीरी, सुरेंद्र, मानसिंह, पप्पू, योगेंद्र, सुनीता, पौन्ना और योगेंद्र आदि शामिल रहे।