थानाभवन। कस्बे के मोहल्ला खैल निवासी मांगेराम तांगा चलाकर परिवार का पालन करता है। रविवार रात बारिश के दौरान अचानक उसका आधा मकान भरभराकर गिर गया। पति-पत्नी बाहर की ओर भागे, लेकिन मलबा गिरने के कारण उसकी पत्नी सुशीला घायल हो गई। मांगेराम ने बताया कि वह सालों से कच्चे मकान में रहकर जीवन यापन कर रहा है। इसी समस्या का समाधान करने के लिए वह अब तक तीन बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवेदन कर चुका है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से उसके मकान का न तो सर्वे कराया गया और न पैसे जारी किए गए।