कांधला पुलिस के खिलाफ दिए ज्ञापन
शामली।
राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भृगुवंशी आशुतोष पांडेय ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में कांधला थानाध्यक्ष के खिलाफ ज्ञापन सौंपे गए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने बताया कि 29 जुलाई को कांधला में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पुलिस ने दो वाहनों से 29 गोवंश मुक्त कराए थे, जिन्हें गऊशाला में रखवा दिया गया था। आरोप है कि उक्त गोवंश गऊशाला से निकालकर रात में पुलिस ने दूसरे समुदाय के लोगों को सौंप दिए थे। अगले दिन विरोध प्रदर्शन होने पर पुलिस ने 24 गोवंश निजी डेयरी संचालक को दे दिए थे। इस मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध थी, लेकिन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने बताया कि कांधला थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली के खिलाफ सोमवार को संगठन के पदाधिकारियों ने प्रदेश के 40 जनपदों में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे। जल्दी ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।