कैराना।
महिला हेल्पलाइन-181 आशा ज्योति टीम की शुगमकर्ता प्रियंका शर्मा सोमवार को कोतवाली पहुंची। एसएचओ को बताया कि 2017 में नगर के मोहल्ला आलदरम्यान में शामली निवासी पूजा की उसके ही ससुरालियों ने दहेज की खातिर फांसी देकर हत्या कर दी थी। मामले में आरोपी पति दीपक व अन्य ससुराल वाले जेल में बंद हैं। उक्त प्रकरण में सरकार ने उप्र रानी लक्ष्मी बाई महिला सम्मान कोष्ठ से मृतक पूजा की सात वर्षीय बेटी की आर्थिक सहायता के लिए तीन लाख रुपये का चेक जारी किया है, लेकिन परिजन बेटी का आधार कार्ड नहीं दे रहे हैं। इसलिए महिला आशा ज्योति टीम ने पुलिस से सहयोग की अपेक्षा की। प्रियंका ने बताया कि मृतक महिला की पुत्री का आधार कार्ड मिलने के उपरांत वह उसका बैंक में खाता खुलवाएंगी, जिसके बाद उसके बैंक खाते में चेक जमा कराया जाएगा।