शामली। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बनत स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने किताब पढ़वाकर और सवाल पूछकर बच्चों का ज्ञान परखा। साथ ही विद्यालय में पीेएनबी की तरफ से कंप्यूटर सिस्टम भी लगवाया। उन्होंने शिक्षिकाओं को निर्देश दिया कि विद्यालय में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, इसलिए अब शैक्षिक स्तर में भी अपेक्षित सुधार होना चाहिए। कक्षा अध्यापक को निर्देश दिए कि बच्चों को अच्छी तरह से शिक्षा प्रदान की जाए। सरकारी स्कूल के बच्चे किसी प्रकार से कमजोर नहीं दिखने चाहिए। उन्होंने अध्यापकों को निर्देश दिए कि शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने के लिए मेहनत से पढ़ाई कराएं ताकि बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बन सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्राइवेट स्कूलों की तरह ही बच्चों को बैठने के लिए फर्नीचर, कंप्यूटर लैब, रसोई, शौचालय, शयनकक्ष और खेलकूद के सामान की बेहतर व्यवस्था है। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर, जिला समन्वयक मदनपाल आदि मौजूद रहे।