शादी के अगले दिन ही महिला को पीटा
शामली। कस्बा ऊन निवासी ओमपाल ने झिंझाना थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी मीनू की शादी 19 अप्रैल को बुढ़ाना निवासी नीरज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में कार न मिलने पर पति और ससुरालियों ने उसकी बेटी को प्रताड़ित किया और जान से मारने की कोशिश की गई। इसकी सूचना मिलने पर अगले दिन वह बेटी की ससुराल गया, तो ससुरालियों ने उसकी बेटी को निकाल दिया। ओमपाल ने झिंझाना थाना पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाए।
चाइल्ड लाइन के पास से बालक को ले गए परिजन
शामली। सहारनपुर रोड पर गांव सिक्का के पास मिले बच्चे के परिजनों का पता चल गया। बृहस्पतिवार को बच्चे के परिजन दयानंदनगर स्थित चाइल्ड लाइन के दफ्तर पहुंचे। चाइल्ड लाइन से जुड़े विकास चौधरी ने बताया कि बालक और उसके माता पिता की काउंसलिंग कराई गई। इसके बाद बालक को परिजनों के साथ भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि उक्त बालक बोलने में असमर्थ था। गत 21 अप्रैल को वह सिक्का गांव में बस स्टैंड के पास मिला था, तब से वह चाइल्ड लाइन के पास था।