कांधला। गंगेरू में कैंसर से हुई व्यक्ति की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर जांच करने के बाद ग्रामीणों के ब्लड के सेंपल लिए। गांव गंगेरू के कई मोहल्लों में दूषित पानी निकलने के कारण कई ग्रामीणों को भयंकर बीमारी ने अपनी चपेट में लिया हैं। परिजनों के अनुसार गांव निवासी शबी हैदर (40) कई माह से कैंसर से पीड़ित चल रहा था। उसका इलाज दिल्ली के पंत अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई थी। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शबी के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया था। साथ ही ग्रामीणों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर गांव में कैंप लगाए जाने की मांग की थी। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शबी हैदर के घर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। टीम ने गांव में कैंप लगाकर ग्रामीणों के ब्लड के सेंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डाक्टर रमेश चंद्रा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद कई ग्रामीणों के ब्लड के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए है।